पूर्व प्रधान अम्मार की हुई थी हत्या
मुजफ्फरनगर। भोपा के गांव सीकरी के पूर्व प्रधान अम्मार हत्याकांड के मुख्य हत्यारोपी को रिमांड पर लेकर पुलिस ने आला कत्ल और बाइक बरामद की है। आरोपी ने हत्या के बाद तमंचा और बाइक सुजडू गांव के जंगल में छिपा दी थी। पूछताछ के बाद आरोपी को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
बीते माह 22 अगस्त को सीकरी के पूर्व प्रधान मोहम्मद अम्मार पुत्र नुरुल्लाह की शहर के आर्यपुरी कालोनी में तीन बाइक सवारों ने गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी सीकरी निवासी दिलशाद पुत्र इशरत को पकड़कर हत्याकांड का खुलासा किया था। उसके दो साथियों को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है। बीते दिनों पुलिस ने कोर्ट से मुख्य हत्यारोपी दिलशाद को कस्टडी रिमांड पर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी से हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा और बाइक बरामद की गई है। कोतवाली इंस्पेक्टर संजीव शर्मा ने बताया कि पूर्व प्रधान अम्मार की हत्या करने के बाद आरोपी ने तमंचा और बाइक को सुजडू गांव के जंगल में छिपा दिया था। शुक्रवार को पुलिस ने तमंचा और बाइक बरामद कर ली है। पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेेजा गया है। हत्याकांड को चुनावी रंजिश में अंजाम दिलाया गया था।