भोपा। मुजफ्फरनगर शहर की एक कॉलोनी निवासी युवती एक सप्ताह पूर्व संदिग्ध हालात में लापता हो गई थी। युवती के पिता ने भोपा थाना क्षेत्र के गांव कसौली निवासी युवक पर बेटी के अपहरण का आरोप लगाया था। शुक्रवार को युवती के युवक के घर होने की सूचना पर उसके परिजन कसौली गांव में जा पहुंचे और हंगामा कर दिया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट की नौबत आ गई। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत करते हुए प्रेमी युगल को थाने ले गई। भोपा पुलिस की सूचना पर नई मंडी थाना पुलिस दोनों को अपने साथ ले गई।
प्रेमी युगल को लेकर रेस्टोरेंट में हंगामा
मुजफ्फरनगर। शहर के श्रीबालाजी चौक स्थित एक रेस्टोरेंट में शुक्रवार शाम के समय एक प्रेमी युगल बर्थ-डे सेलीब्रेट कर रहा था। किसी तरह इसकी भनक युवती के परिजनों को लग गई, जो रेस्टोरेंट पहुंच गए और हंगामा करने लगे। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दो युवकों को हिरासत में ले लिया। इस दौरान प्रेमी युगल रफूचक्कर हो गया। एसएसआई समयपाल अत्री ने बताया कि देर रात तक भी कोई तहरीर लेकर थाने नहीं पहुंचा, जिस पर हिरासत में लिए गए दोनों युवकों को छोड़ दिया गया।
अपहरण के प्रयास की सूचना से मचा हड़कंप
मुजफ्फरनगर। शहर निवासी युवती का रिश्ता एक गांव निवासी युवक से तय हुआ है। किसी बात को लेकर युवक-युवती के बीच विवाद हो गया था। शुक्रवार दोपहर युवती अपनी मां व भाई के साथ रुड़की जा रही थी, जिसकी जानकारी लगने पर युवती का मंगेतर कार लेकर महावीर चौक आ गया और अपनी युवती व उसके परिजनों को खुद छोड़ने की बात कहकर कार में बैठा लिया। इस दौरान युवती कार में नहीं जाने की जिद पर अड़ गई, जिस पर उसकी मां व मंगेतर ने उसे बस से उतारने की कोशिश की। इसी दौरान किसी ने पुलिस कंट्रोल रूम को युवती के अपहरण के प्रयास की सूचना दे दी, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। वहां मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस बैरंग लौट गई।