दुष्कर्म आरोपी परिवार के केस का ट्रायल शुरू
मुजफ्फरनगर। प्रेमी के साथ दो बार घर से भागने की सजा के तौर पर युवती के साथ पिता-भाई व दो चाचाओं द्वारा ही दुष्कर्म करने का चर्चित मामला ट्रायल तक जा पहुंचा है।
चर्चित मामला जनपद के एक गांव का है, जहां की युवती को अपने ही गांव के युवक से प्यार करने और उसके साथ दो बार घर से भागने की खौफनाक सजा मिली थी। उक्त युवती अप्रैल-2018 में प्रेमी संग तीसरी बार घर से फरार होकर सीधे हाईकोर्ट जा पहुंची थी। हाईकोर्ट में बयान दर्ज कराते हुए युवती ने अपने पिता, भाई और दो चाचाओं पर दुष्कर्म करने के आरोप लगाए थे। पीड़िता का कहना था कि प्रेमी के साथ दूसरी बार भागने के बाद जब पुलिस ने उसे बरामद कर परिजनों को सौंपा, तो सजा के तौर पर सगे बाप के साथ ही भाई व दो चाचाओं ने कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। हाईकोर्ट ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जनपद पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए थे। हाईकोर्ट के आदेश पर नई मंडी कोतवाली में इस घटना की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। पुलिस ने मामले में आरोपी पिता व भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि दोनों आरोपी चाचाओं ने कुछ दिन बाद कोर्ट में सरेंडर कर दिया था, तभी से सभी आरोपी जेल में ही हैं। कोर्ट में अब केस ट्रायल पर है। इस मामले में इंस्पेक्टर नई मंडी हरशरण शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले में विवेचना पूरी कर चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर चुकी है।