दुष्कर्म कर महिला के आपत्तिजनक फोटो खींचे
मुजफ्फरनगर। शहर के मोहल्ला निवासी विवाहिता ने उत्तरी रामपुरी निवासी युवक पर दुष्कर्म कर मोबाइल से आपत्तिजनक फोटो खींचने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि आरोपी ने नेट पर उसे वायरल करने की धमकी देकर 50 हजार ऐंठने के साथ ही अपने दो दोस्तों समेत कई बार सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर महिला समेत चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी विवाहिता ने बताया कि वह करीब छह माह पूर्व एक मोहल्ले में किराए के मकान में रहती थी। पीड़िता के अनुसार आरोपी ने पति की गैर मौजूदगी में एक बार उसके साथ दुष्कर्म कर मोबाइल से आपत्तिजनक फोटो खींच लिए। इसकी जानकारी पीड़िता ने आरोपी की पत्नी को दी तो उसने भी पति का साथ देते हुए फोटो डिलीट करने का आश्वासन देकर विवाहिता से 50 हजार रुपये ऐंठ लिए। आरोप है कि इसके बाद आरोपी पहले अपने एक अन्य साथी और बाद में एक और अज्ञात के साथ आपत्तिजनक फोटो नेट पर डालने की धमकी देते हुए उसके साथ कई बार विवाहेतर संबंध बनाया। पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपियों ने आपत्तिजनक फोटो उसके पति को दिखा दिए। इसके बाद पीड़ित दंपति ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। थक-हारकर पीड़िता ने कोर्ट की शरण ली, जिस पर पुलिस ने मंगलवार को कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।