मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला लद्दावाला निवासी अरशद विगत 16 जून की रात घूमने के लिए घर से निकला था। इस दौरान जब वह मोहल्ले में ही पहुंचा तो उसका किसी बात को लेकर सद्दाम पुत्र अनीस के साथ विवाद हो गया। आरोप है कि सद्दाम ने मामूली कहासुनी के बाद अपने घर से छुरी लाकर अरशद पर हमला कर दिया। इसमें अरशद के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। शोर मचाने पर आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गया। पुलिस ने मामले में अरशद का मेडिकल कराते हुए आरोपी की तलाश में दबिश दी, लेकिन वह फरार हो गया था। बुधवार सुबह पुलिस ने कातिलाना हमले के आरोपी सद्दाम को जिला अस्पताल तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया, जब वह कहीं भागने की फिराक में था। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त छुरी भी बरामद कर ली गई है, जिसे जेल भेज दिया गया है।
घर से मोबाइल चोरी करने वाला दबोचा
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के सुमन विहार निवासी सुबोध ने तहरीर देकर बताया कि उसके घर से मोबाइल चोरी कर लिया गया था। शक होने पर उसने घर के बाहर संदिग्ध हालात में खड़े मोहल्ला जनकपुरी निवासी अंकित को पकड़कर उससे पूछताछ की। तलाशी ली गई तो उसके पास से चोरी किया गया मोबाइल बरामद कर लिया गया। इस पर आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी अंकित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।