हर्ष फायरिंग में गोली लगने से छात्रा घायल
मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। गांव चुड़िय़ाला में हर्ष फायरिंग के दौरान छात्रा गोली लगने से घायल हो गई। परिजनों ने पुलिस को जानकारी देकर छात्रा का मेरठ में इलाज कराया। चिकित्सकों ने छात्रा की जिंदगी खतरे से बाहर बताई है।
गांव चुड़ियाला निवासी मुकेश चौधरी के पुत्र सुंदर की सगाई थी। सगाई के बाद मंगलवार की शाम युवक के परिजन व मेहमान आदि डीजे पर डांस कर रहे थे। इसी हुड़दंग के दौरान डांस करते समय किसी युवक ने तमंचे से हवाई फायर कर दिया। तमंचे से निकली गोली सामने के मकान में रहने वाले पंडित भगवत प्रसाद शर्मा की पुत्री साक्षी के दाहिने हाथ में जा लगी। गोली लगने से घायल युवती चिल्लाई, तो परिजन मौके पर पहुंचे तथा घटना की पुलिस को जानकारी दी। थाने से उपचार के लिए पत्र लेकर पीड़ित परिजन जानसठ सीएचसी में पहुंचे। सीएचसी में चिकित्सकों ने युवती को मुजफ्फरनगर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। वहां भी ठीक उपचार न मिलने से युवती के पिता ने अपनी घायल बेटी को एसडीएफ ग्लोबल अस्पताल मोदीपुरम में ले जाकर उपचार दिलाया। उपचार के बाद युवती की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। घायल युवती बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है और घटना के समय अपनी छत पर पढ़ रही थी। घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।