चरथावल। पिता के साथ खेत पर गई आठ साल की बच्ची को अश्लील हरकतें करते हुए ईंख के खेत में खींचकर ले जाते एक युवक को स्कूली छात्रों ने शोर मचाकर पकड़वा दिया। आरोपी युवक को धुनाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे किसान बुग्गी लेकर गन्ना बुवाई करने मुथरा-चौकड़ा के जंगल स्थित खेत पर गया था। उसके साथ आठ साल की बेटी भी साथ गई थी। किसान बच्ची को बुग्गी पर बैठाकर खेत में बुवाई में जुट गया। आरोप है कि इसी दौरान सड़क पर घास काट रहे एक युवक ने बच्ची को अकेला देखकर उसके साथ हरकतें शुरू कर दी। कुछ देर बाद वह बच्ची को जबरन खींचकर ईंख के खेतों की तरफ ले जाने लगा तो वहां से गुजर रहे छात्रों ने युवक की हरकतों को भांपकर शोर मचा दिया। इस पर खेतों में काम कर रहे काफी लोग एकत्र हो गए। छात्रों ने आरोपी को ग्रामीणों की मदद से पकड़ लिया। आरोपी युवक की करतूत पर ग्रामीणों ने उसे जमकर धुना और डायल पुलिस 100 को बुलाकर उसके हवाले कर दिया। आरोपी दूसरे समुदाय का होने पर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग थाने में कार्रवाई के लिए पहुंच गए। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी युवक सद्दाम कस्बा चरथावल के तीरग्रान का रहने वाला है। उसेे पीड़िता के पिता की तहरीर पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।