खतौली। अधिवक्ता का 1.50 लाख रुपये का चेक बैंक के बॉक्स से चोर ने चोरी कर लिया और मंसूरपुर के बैंक से चेक को कैश करा लिया। बैंक की सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में चोर की तस्वीर कैद हो गई है। अधिवक्ता ने मंसूरपुर शाखा कर्मचारियों पर बिना आईडी देखे चेक कैश करने का आरोप लगाया है।
इनकम टैक्स के वकील संजीव कुमार ने 27 दिसंबर को अपने नौकर से डेढ़ लाख रुपये का चेक खाते में जमा कराने के लिए एसबीआई बैंक के अंदर बॉक्स में डलवाया था। 29 की शाम तक मोबाइल पर मैसेज नहीं आया तो, वह 30 दिसंबर को बैंक में पहुंचा। कर्मचारियों से पता करने पर पता चला कि चेक चोरी कर लिया गया है। सीसीटीवी की फुटेज में एक चोर 28 दिसंबर को चेक चोरी करते हुए दिखाई दिया। इस चोर ने 29 दिसंबर को मंसूरपुर के पीएनबी शाखा से चेक को कैश करा लिया। जिसने वह चेक वकील को दिया था, उसके मोबाइल पर मैसेज आ गया था। अधिवक्ता मंसूरपुर की पीएनबी की शाखा में पहुंचा। सीसीटीवी की फुटेज में चोर चेक कैश कराते हुए दिखाई दिया। अधिवक्ता का आरोप है कि बिना आईडी देखे इतनी बड़ी रकम के चेक को कर्मचारियों ने जानबूझकर कैश कर दिया। अधिवक्ताओं ने इसकी शिकायत अधिकारियों से की थी। मंगलवार को मुजफ्फरनगर व खतौली पुलिस जांच पड़ताल करने मंसूरपुर बैंक में पहुंची। पुलिस के मुताबिक शाखा प्रबंधक ने जांच करने का दो दिन का समय मांगा है।