घर में घुस कर परिजनों पर हमला किया
मुजफ्फरनगर। मकान के बाहर लगी लाइटों को तोड़ने का विरोध करने पर कुछ आरोपियों ने पीड़ित के घर में घुस कर परिजनों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। बीच बचाव करने आए लोगों से भी हमलावरों ने मारपीट की। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है।
शहर कोतवाली के दक्षिणी खालापार निवासी मोहम्मद इस्लाम पुत्र मुन्ना ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी। बताया कि रविवार देर रात वह बेटी के साथ घर से लौट रहा था। घर के बाहर मोहल्ले के दो युवक मकान के बाहर लगी लाइटों को तोड़ रहे थे। इस्लाम और उसके पुत्र औसाफ ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो दोनों ने उन पर हमला कर दिया। दोनों पिता-पुत्र जान बचाकर घर में घुस गए। आरोप है कि थोड़ी देर बाद ही दोनों युवक अपने साथ आधा दर्जन लोगों को साथ लेकर आए और गेट तोड़ कर घर में घुस आए। हमलावरों ने उसके पुत्र समेत परिजनों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। शोर सुनकर पड़ोसी उन्हें बचाने के लिए आए, तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। हंगामा होने पर मोहल्ले के काफी लोग एकत्रित हो गए, तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने इकरार पुत्र मौहम्मद उमर, औसाफ पुत्र इस्लाम और खिलाफत पुत्र बसारत को अस्पताल लेकर उपचार कराया।पुलिस ने तहरीर के आधार पर कार्रवाई शुरु कर दी है।