मुजफ्फरनगर। शहर के मोहल्ला निवासी नवविवाहिता शादी के डेढ़ माह बाद ही करनाल निवासी प्रेमी के साथ मायके से लाखों की नकदी और ससुराल पक्ष के जेवरात समेत घर से फरार हो गई। परिजनों ने आरोपी प्रेमी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला निवासी ने तहरीर देकर बताया कि उसकी बेटी की शादी करीब डेढ़ माह पूर्व रोहाना खुर्द निवासी युवक से हुई थी। पीड़ित के अनुसार, युवती के शादी से पूर्व ही सोशल साइट के माध्यम से हरियाणा प्रांत के जनपद करनाल के गांव बड़कला निवासी सचिन पुत्र जोगेेंद्र शर्मा से प्रेम संबंध चल रहे थे। शादी के बाद भी दोनों के बीच प्रेम संबंध कायम रहे। पीड़ित परिजनों ने बताया कि 15 फरवरी को नवविवाहिता मायके आई थी। यहां से वह 28 फरवरी की सुबह घर में रखे 1.10 लाख रुपये नकद, ससुराल से मिले सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान लेकर प्रेमी संग फरार हो गई। नवविवाहिता को घर से लापता देख परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। पीड़ित परिजनों ने आरोपी प्रेमी करनाल के बड़कला निवासी सचिन के खिलाफ तहरीर देकर बेटी की बरामदगी की गुहार लगाई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर नवविवाहिता की बरामदगी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।