मुजफ्फरनगर। शहर के आर्यसमाज रोड स्थित एसबीआई शाखा के मैनेजर पर फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से अपने चहेतों को करोड़ों के लोन बांटने का आरोप लगा है। बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक की तहरीर पर एसएसपी सुुधीर कुमार के निर्देशों के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक नीलरतन ने एसएसपी सुधीर कुमार सिंह को शिकायतीपत्र देकर बताया कि उनकेे बैंक की आर्यसमाज रोड स्थित एसबीआई शाखा में तन्मय शर्मा शाखा प्रबंधक पद पर तैनात थे। आरोप है कि शाखा प्रबंधक ने अप्रैल-2016 से जून 2018 के बीच फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अपने चहेते 27 लोगों को करोड़ों रुपये के लोन वितरित कर दिए। लोन होने के बाद जब लंबे समय तक भी कोई किश्त आदि जमा नहीं हुई तो बैंक के आला अफसरों ने मामले की जांच कराई, जिसमें लोन के जमा कराए गए दस्तावेज फर्जी होने का खुलासा हुआ। बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक नीलरतन की तहरीर पर पुलिस ने शाखा प्रबंधक तन्मय शर्मा के साथ ही फर्जी कागजात से लोन लेकर हड़प कर जाने वाले सभी 27 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। उधर, इंस्पेक्टर सिविल लाइन नवरत्न गौतम ने बताया कि उन्होंने अभी चार्ज लिया है। फिलहाल इस मामले की जानकारी नहीं है। मामले की पूरी जानकारी कर जांच-पड़ताल की जाएगी।