मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन क्षेत्र के मदीना कालोनी निवासी अहसान की बामनहेड़ी के पास जन शताब्दी ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो कोहराम मच गया। परिजनों ने नई मंडी कोतवाली पर हंगामा किया। उसके भाई शहजाद ने आरोप लगाया कि अहसान की हत्या करके शव रेलवे लाइन पर फेंका है। पुलिस का कहना है कि ट्रेन के चालक ने स्टेशन पर लिखित में दिया है कि युवक खुद ट्रेन के सामने आया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, मुजफ्फरनगर में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। वह सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा मिला था। डायल 100 ने उसे अस्पताल भर्ती कराया। जहां उसकी मौत हो गई। उसका नाम दिनेश बताया गया है, वह कहां का रहने वाला है, इसकी जानकारी नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सांड़ की मौत पर हंगामा
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली के मोहल्ला रामपुरी में एक सांड़ की मौत हो गई। जिसके बाद हिंदू संगठनों के लोगों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा कर दिया। आरोप लगाया कि सांड़ की जहर का इंजेक्शन लगाकर मारा गया है। पुलिस ने मौके पर आकर लोगों को समझा बुझा कर शांत किया। इस संबंध में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।