मोबाइल शॉप से बच्ची ने चुराए थे मोबाइल
खतौली।
रोडवेज बस अड्डे के सामने मोबाइल शॉप से सात साल की बच्ची ने नगदी समेत हजारों रुपयों के मोबाइल चोरी किए थे। पुलिस ने चोरी की घटना को अंजाम देने वाली बच्ची को पकड़ लिया है। बच्ची ने चोरी के मोबाइलों को 50-50 रुपये में बेचा था। पुलिस ने मोबाइल खरीदने वालों को भी हिरासत में लिया है। पुलिस ने चोरी के सात मोबाइल भी बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि बच्ची से पूछताछ की जा रही है। शीघ्र की चोरी की घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
मोहल्ला लाल मोहम्मद निवासी जुबेर पुत्र लियाकत जौहर जीटी रोड स्थित रोडवेज बस अड्डे के ठीक सामने जेड कम्युनिकेशन के नाम से मोबाइल शॉप है। दुकानदार जुबेर 17 मार्च को दोपहर के समय दयालपुरम की मस्जिद में नमाज पढ़ने के लिए गया था। इसी बीच दुकान में लगा शीशा तोड़कर उसके अंदर से नगदी समेत मोबाइल चोरी कर लिए गए थे। उस वक्त पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को बताया था कि दुकान के अंदर से चोर छह हजार रुपये की नगदी समेत 80 हजार रुपये की कीमत के मोबाइल चोरी कर ले गया। पुलिस ने चोरी की घटना को दर्ज कर लिया था। इंस्पेक्टर एपी भारद्वाज ने बताया कि दुकान का शीशा तोड़कर सात साल की बच्ची ने मोबाइल चोरी किए थे। बच्ची ने बताया कि गल्ले में उसको 50 रुपये की नगदी मिली थी और वह सात मोबाइल चोरी कर थैले में रखकर ले गई थी। पकड़ी गई बच्ची ने बताया कि उसने मोबाइल 50-50 रुपए में बेच दिए थे। बच्ची की निशानदेही पर मोबाइल खरीदने वालों को हिरासत में लेकर उनसे सात मोबाइल भी बरामद कर लिए हैं। बच्ची के नाबालिग होने से पुलिस ने अभी तक उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज नहीं किया है। बच्ची से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शीघ्र ही चोरी की घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।