जमीन विवाद में हमला, फायरिंग
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली के बुधाई खुर्द गांव में जमीन विवाद के चलते कुछ लोगों ने घर में घुसकर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। आरोपियों ने जान से मारने की नियत से फायरिंग भी की। पीड़ित ने हमलावरों पर लूटपाट करने का भी आरोप लगाया। पुलिस ने डकैती का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली पर बधाई खुर्द के मोनू ने मुकदमा दर्ज कराया। बताया कि अंकुर आदि से जमीनी रंजिश के चलते उसके भाई अर्पित पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। आरोपियों ने भाई को जान से मारने की नियत से फायरिंग भी की। आरोप है कि हमलावर उसके भाई की अंगूठी और 500 रुपये लूटकर ले गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अधिशासी अभियंता के घर में लूट के आरोपी को रिमांड पर लिया
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। अंकित विहार में सिंचाई विभाग के एक्सईएन के घर हुई लूट की घटना में नईमंडी पुलिस ने एक आरोपी को रिमांड पर लेकर लूट में प्रयुक्त तमंचा और 2600 रुपये बरामद किए हैं।
नईमंडी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अंकित विहार निवासी सिंचाई विभाग में एक्सईएन रमेशचंद की पत्नी प्रेमलता 25 फरवरी को घर में अकेली थी। चार युवकों ने मकान में घुस कर प्रेमलता को बंधक बनाकर 50 हजार की नगदी लूटी थी। विरोध करने पर प्रेमलता को तमंचे की बट से प्रहार कर घायल कर दिया था। शोर मचाने पर मौके पर आए लोगों ने एक आरोपी को दबोच लिया था, जबकि तीन आरोपी भाग गए थे। पकड़े गए आरोप ने अपना नाम ओमकुमार निवासी सिखेड़ा बताया था। इसके बाद उसने अपने तीनों साथियों के नाम भी बताए थे। नाम-पते के आधार पर पुलिस ने उसके दो साथियों तुषार सैनी निवासी अंकित विहार, राहुल कुमार निवासी बचन सिंह कालोनी को जेल भेज दिया था। चौथे आरोपी रोहित निवासी सिखेड़ा ने कोर्ट में सरेंडर किया था। नईमंडी पुलिस ने कोर्ट से रोहित को रिमांड पर लेकर निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तमंचा और लूट के 2600 रुपये बरामद किए हैं।