एक्सईएन से अभद्रता. ठेकेदार पर मुकदमा
मुजफ्फरनगर। जल निगम के एक्सईएन ने ठेकेदार के खिलाफ सिविल लाइन थाने पर मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप हे कि ठेकेदार ने उनके दफ्तर में घुसकर गाली-गलौज करते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जल निगम के अधिशासी अभियंता वाईके शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया कि उनके विभाग में ठेकेदारी करने वाला संजीव त्यागी विगत दिनों उनके दफ्तर में पहुंचा। आरोप है कि ठेकेदार ने शराब के नशे में अधिशासी अभियंता के साथ गाली-गलौज की। जब आफिस के स्टाफ ने रोका तो उसने स्टाफ के साथ भी बदतमीजी करते हुए हंगामा शुरू कर दिया, जिससे दफ्तार का सारा कार्य रुक गया और सरकारी कार्य में बाधा हुई। एसएसपी के आदेश पर सिविल लाइन पुलिस ने यह मामला दर्ज किया है।
इथेनाल के टैंकर से
चोरी करते दो दबोचे
मुजफ्फरनगर। नईमंडी पुलिस ने बिजनौर से अंबाला कैंट जा रहे इथेनाल से भरे टैंकर से भारी मात्रा में इथेनॉल चोरी करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इनके कब्जे से चोरी का 20 लीटर इथेनॉल बरामद किया है।
नईमंडी कोतवाली पर एसपी सिटी ओमवीर सिंह ने इस बारे में पत्रकारों को जानकारी दी। बताया कि नई मंडी पुलिस को सूचना मिली थी कि बिजनौर के स्योहारा से अंबाला कैंट जा रहे इथेनॉल के टैंकर से दो युवक जानसठ रोड के एचपी पेट्रोल पंप के बराबर में इथेनॉल चोरी कर बेच रहे हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मौके से टैंकर चालक प्रमोद पुत्र रतिराम निवासी रतनापुर थाना पाली, हरदोई और इथेनॉल खरीद रहे इरफान पुत्र सफिया निवासी खतौली को गिरफ़तार लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 20 लीटर इथेनॉल बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम में नई मंडी इंस्पेक्टर हरशरण शर्मा, आबकारी निरीक्षक त्रिभुवन सिंह, एसएसआई मदन सिंह बिष्ट, दरोगा करन नागर, कांस्टेबल अंकुर व अजय कुमार आदि शामिल रहे।