वनकर्मचारियों के साथ मारपीट
मोरना।
तहसीलदार मनोज कुमार के आदेश पर भूमि को कब्जामुक्त कराने गई वन विभाग की टीम के साथ अवैध कब्जाधारियों ने मारपीट करते हुए खदेड़ दिया। उन्होंने ट्रैक्टर चालक को लाठी-डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया। कर्मचारियों ने भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। वन विभाग की टीम ने भोपा पुलिस से आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
भोपा क्षेत्र के शुक्रताल बिहारगढ़ मार्ग पर स्थित भगवान विष्णु लोक गोसेवा आश्रम को तहसीलदार मनोज कुमार ने बुधवार को कब्जामुक्त कराया था। तहसीलदार ने वन विभाग को सरकारी भूमि पर उगाई गई फसल पर ट्रैक्टर चलाने के आदेश दिए थे। बृहस्पतिवार सुबह तहसीलदार के आदेश पर वन विभाग के वन रक्षक अंशीलाल, नत्थू सिंह ने कब्जाई गई वन भूमि में उगाई गेहूं की फसल पर ट्रैक्टर चलवा दिया। इस कार्रवाई से गुस्साए कब्जाधारकों ने ट्रैक्टर चालक महकपाल पर लाठी-डंडों से हमला कर उसे नीचे गिरा दिया। हमले में चालक घायल हो गया। गोशाला के संचालक योगी सुरेशानंद महाराज ने बताया कि गोशाला को कब्जामुक्त कराने से गुस्साए आरोपियों ने बुधवार देर रात गोशाला में आकर फायरिंग की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। बृहस्पतिवार सुबह वन विभाग कर्मचारियों के साथ मारपीट की। वनकर्मियों ने किसी प्रकार भागकर अपनी जान बचाई। वन कर्मियों ने मोनू पुत्र मंगल आदि पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए भोपा पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। वहीं, योगी सुरेशानंद महाराज ने आरोपियों से अपनी जान को खतरा बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। इस दौरान श्यामसुंदर दास महाराज, मोहरसिंह, सुरेंद्र सिंह, रामलाल पूर्व प्रधान, जयपाल सिंह आदि मौजूद रहे।
ृ