डॉक्टर की गोली मारकर हत्या
तितावी(मुजफ्फरनगर)। बदमाशों ने शुक्रवार रात खतौला और करवाड़ा के बीच एक डॉक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी। चिकित्सक अपने भाई को लेकर बाइक से गांव मांडी जा रहा था। घटना के बाद शाहपुर और तितावी पुलिस मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों ने शव उठाने का विरोध किया।
तितावी थाना क्षेत्र के गांव मांडी निवासी 29 वर्षीय डॉ. मनोज पुत्र सतवीर सिंह का बघरा में क्लीनिक है। वह डेंटिस्ट था। उसका छोटा भाई अंकित किसी काम के लिए मेरठ गया था, जहां से वह रात में गांव लौट रहा था। उसने फोन कर अपने भाई डॉ मनोज को हरसौली चेकपोस्ट पर बुलाया था। डॉ. मनोज बाइक लेकर रात्रि करीब नौ बजे हरसौली चेक पोस्ट पहुंचा और भाई अंकित को लेकर गांव की ओर चल दिया। बताया गया है कि जब वे खतौला-करवाड़ा के जंगल में पहुंचे तो वहां पहले से खड़े चार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। इशारा करने पर बाइक नहीं रुकने पर बदमाशों ने गोली चला दी, जो डॉ मनोज के सीने में लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसका भाई अंकित शोर मचाता हुआ जान बचाकर भागा। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण आ गए। मौके पर गए तो वहां डॉ मनोज का शव पड़ा मिला। बाद में पुलिस को वारदात की सूचना दी गई। खबर मिलने पर तितावी और शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची।
ग्रामीणों ने पुलिस से शव उठाने देने से इंकार कर दिया। ग्रामीण हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग पर अड़े हुए थे। बाद में पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना की जांच-पड़ताल में जुटी है।