मेले में पांच साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म
जानसठ। क्षेत्र के एक गांव में मां के साथ मेला देखने आई पांच साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने पीड़िता बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा है। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच पड़ताल प्रारंभ कर दी है।
थाना क्षेत्र के एक गांव में होली के पर्व के बाद माता के मंदिर पर मेला लगा हुआ है। शुक्रवार की रात मेले में गांव निवासी महिला अपने बच्चों के साथ मेला देखने के लिए आई थी। मेला देखने के दौरान महिला की पांच वर्षीय बच्ची मेले से अचानक लापता हो गई। काफी तलाश करने के बाद भी बच्ची का कोई सुराग नहीं लग सका। करीब दो घंटे बाद बच्ची मेले में ही रोती बिलखती हुई बदहवास हालत में परिजनों को मिली। बच्ची से पूछताछ की तो वह कुछ भी नहीं बता सकी। शनिवार की सुबह परिजनों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म की पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा बच्ची के साथ दुष्कर्म का मुकदमा दर्जकर लिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पीड़िता बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी में भेजा, जहां से चिकित्सकों ने उसे जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। इंस्पेक्टर संतोष कुमार त्यागी ने बताया कि बच्ची के पिता की ओर से अज्ञात में तहरीर दी गई थी। बच्ची के साथ दुष्कर्म का मुकदमा दर्जकर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।