चार दुकानों में लगाई सेंध, लाखों के आभूषण और नगदी चोरी
देवबंद। नगर के मेन बाजार में चोरों ने दो ज्वैलर्स, एक मिठाई और एक बर्तन की दुकान में सेंधमारी कर वहां से लाखों रुपये कीमत के सोने चांदी के जेवरात, हजारों रुपये की नगदी और अन्य सामान चोरी कर लिया। व्यापारियों से जुड़ा मामला होने के चलते सूचना मिलने पर एसएसपी दिनेश कुमार फोरेंसिक टीम के साथ देवबंद पहुंचे और पूछताछ करते हुए व्यापारियों को शीघ्र खुलासे का आश्वासन दिया। व्यापारियों ने लगातार चार चोरियों की घटनाओं पर रोष जताया।
खाकी के खौफ से बेपरवाह चोरों ने शुक्रवार रात कोतवाली से कुछ ही दूरी पर स्थित मेन बाजार में सराफ अजय कुमार और श्रवण कुमार समेत श्रीराम की मिठाई की दुकान और सुनील तायल की बर्तन की दुकान में घुसकर वहां से लाखों रुपये कीमत के सोने चांदी के आभूषण, गल्लों में रखी हजारों रुपये की नगदी और अन्य सामान चोरी कर लिया।
बताया जाता है कि चोर पीछे बने फर्नीचर कारखाने की छत से होकर दुकानों की छत पर पहुंचे और ऊपर बने कमरों के जंगले उखाड़कर भीतर घुसे। सुबह जब सभी लोग दुकानों पर पहुंचे तो उन्हें चोरी की बाबत जानकारी हुई। चोरी की घटना की सूचना मिलने पर एसएसपी दिनेश कुमार और एसपी देहात डा. विद्या सागर मिश्र फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और व्यापारियों से पूछताछ की तथा उन्हें शीघ्र खुलासे का आश्वासन दिया। इस दौरान फोरेंसिक टीम ने दुकानों से फिंगर प्रिंट लिए। एसएसपी ने बताया कि खुलासे के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। उन्हें काम पर लगा दिया गया है। इस मामले में चारों व्यापारियों की संयुक्त तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उधर, घटना को लेकर व्यापारियों ने पुलिस के प्रति रोष व्यक्त किया है। नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष मनोज सिंघल ने पुलिस से घटना का जल्द खुलासा करने तथा बाजारों में पुलिस गश्त बढ़ाए जाने की मांग की है। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश संयुक्त महामंत्री दीपकराज सिंघल, नगर अध्यक्ष अरुण गुप्ता, नगर प्रभारी विवेक तायल, युवा नगर अध्यक्ष अर्जुन सिंघल, व्यापारी नेता मनोज सिंघल, भाजपा नगर अध्यक्ष गजराज सिंह राणा आदि ने मेन बाजार में दुकानों में हुई चोरियों की घटना पर रोष व्यक्त करते हुए खुलासे की मांग की है।
---
चोरों ने आराम से खाए लड्डू
देवबंद। श्रीराम की मिठाई की दुकान में घुसे चोर इतना बेफ्रिक थे कि उन्होंने वहां हाथ साफ करने से पहले आराम से बैठकर लड्डूओं का स्वाद चखा और उसके बाद गल्ले में रखी हजार रुपये की नगदी चोरी करके ले गए।