अपहरण कर लगाया दुष्कर्म का आरोप
मुजफ्फरनगर। शहर से सटे गांव निवासी व्यक्ति ने गांव के ही युवक पर नाबालिग को अगवा कर दुष्कर्म का आरोप लगाया। उसने बताया कि उसकी बेटी जंगल में गई थी। आरोप है कि गांव के युवक ने उसे ईख में खींच लिया। नाबालिग ने दुष्कर्म और मारपीट का आरोप लगाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। उधर, ग्राम प्रधान और अन्य ग्रामीणों ने घटना से इंकार किया है। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच थाने में हंगामा हो गया। एसएसआई समयपाल अत्री का कहना है कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। जांच के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ऑफिस पहुंचा प्रेमी युगल
मुजफ्फरनगर। तितावी क्षेत्र के बघरा निवासी युवक का काफी समय से जानसठ कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। सजातीय होने के नाते दोनों शादी करना चाहते थे। लेकिन उनके परिजन इसका विरोध कर रहे थे। करीब एक सप्ताह पूर्व प्रेमी युगल घर से फरार हो गया। शुक्रवार को प्रेमी युगल पुलिस ऑफिस पहुंचा और एसएसपी के नाम शिकायती पत्र देकर कोर्ट मैरिज करने की जानकारी दी। साथ ही परिजनों से जान का खतरा बताया। दोनों ने इस संबंध में हाईकोर्ट का आदेश भी दिया। हालांकि एसएसपी के नहीं मिलने पर दोनों खाली हाथ लौट गए।