अमर उजाला ब्यूरो
सिखेडा। गांव भटौड़ा के अमित उर्फ मोनू हत्याकांड का पुलिस छह माह बाद भी खुलासा नहीं कर सकी है। पीड़ित परिजनों ने खुलासा न होने पर गांव से पलायन की बात कह है।
बता दें कि 11 जून को खेत पर शाम को पानी चलाने गए किसान अनार सिंह के 19 वर्षीय पुत्र अमित उर्फ मोनू की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मृतक अमित के भाई विजय सिंह की तहरीर पर गांव के ही चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर हिरासत में ले लिया था। मगर, जांच के बाद में उन्हें छोड़ दिया था। पीड़ित अनार सिंह का कहना है कि वह और उसका परिवार दहशत में है। वह और उसका परिवार हत्या के डर से छह माह से अपने खेत पर नहीं जा रहे हैं। बड़ा बेटा विजय अपनी नौकरी छोड़ कर घर में रह रहा है। कहा कि शीघ्र ही हत्या का खुलासा नहीं हुआ तो वह गांव से पलायन कर जाएंगे। विदित हो कि तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह ने महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगने की बात कहते हुए शीघ्र ही हत्या का खुलासा करने का दावा किया था। वर्तमान प्रभारी निरीक्षक एचएन सिंह ने बताया कि अभी जांच चल रही है। जांच के बाद ही खुलासा किया जाएगा।