चालक से रिक्शा लूटने का प्रयास
खतौली। स्कूटी पर सवार दो बदमाशों ने चालक को नशीला पदार्थ पिलाकर रिक्शा लूटने का प्रयास किया। बेहोशी की हालत में चालक बदमाशों से बचकर रिक्शा लेकर भाग निकला। चालक को बेहोशी की हालत में एक चिकित्सक के यहां भर्ती कराया।
नगर के आलू मिल निवासी रिजवान पुत्र इमरान रविवार की शाम को अपने इलेक्ट्रॉनिक्स रिक्शा लेकर बसंत टाकिज के पास सवारियों की इंतजार में खड़ा था। इसी दौरान वहां पर स्कूटी सवार दो बदमाश आए। इन बदमाशों ने चालक से नवीन मंडी से कुछ सामान लाने की बात कही। बदमाशों ने चालक से कहा कि चलो पहले कोल्ड ड्रिंक्स पीते हैं। इन बदमाशों ने चालक को कोल्ड ड्रिंक्स पिला दी। कोल्ड ड्रिंक्स पीने के बाद चालक को चक्कर आने लगे। चालक इससे पहले बेहोश हो जाता, वह वहां से बदमाशों को चकमा देकर भाग निकला। रोडवेज बस अडडे के निकट पहुंचने पर उसकी हालत बिगड़ गई। चालक ने रिक्शा रोककर रोडवेज बस अडडे निकट आसपास के दुकानदारों से मदद की गुहार लगाई। चालक के बेहोश होने पर दुकानदारों ने उसे नजदीकी एक चिकित्सक के क्लीनिक पर भर्ती कराया। चालक रिजवान का चिकित्सक के यहां इलाज चल रहा है।