बदमाशों ने बाग की रखवाली कर रहे दो युवकों को बंधक बना कर लूटा
तितावी। नकाबपोश बदमाशों ने आम के बाग में धावा बोल कर वहां रखवाली कर रहे दो युवकों को बंधक बना कर नगदी और मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर दोनों को हमला कर गंभीर घायल कर बदमाश फरार हो गए। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
गांव लखान निवासी हरिओम का आम का बाग़ गांव के बाहर की ओर स्थित है। बाग की रखवाली के लिए उसने यूनुस पुत्र सज्जाद निवासी गांव कुल्हेड़ी और पीतम पुत्र रतिराम निवासी पक्की गढ़ी को रखा हुआ है। बुधवार को यूनुस और पीतम बाग़ में सो रहे थे। रात्रि करीब 12 बजे पांच नकाबपोश बदमाश सरिया और लाठी डंडे लेकर वहां आए। बदमाशों ने दोनों को सोते हुए दबोच लिया। बदमाशों ने दोनों को बंधक बना कर उनसे मोबाइल फोन और करीब 600 रुपये लूट लिए। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने लाठी-डंडों से हमला कर दोनों को घायल कर दिया। बाद में बदमाश जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। दोनों युवक पूरी रात बंधे हुए चोट लगने के बाद भी तड़पते रहे। सुबह जब गांव के कुछ लोग जंगल की ओर जाते दिखाई दिए तो यूनुस व पीतम को बंधे देखा। दोनों को बंधन मुक्त करके डॉक्टर के यहां लेकर उपचार दिलाया। बाद में पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने तहरीर लेकर दोनों युवकों से पूछताछ की। पुलिस बदमाशों की तलाश में लगी है। मगर अभी तक पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।