युवक पर ईंटों से प्रहार किया
मुजफ्फरनगर।
नई मंडी के गांव अलमासपुर में घुडचढ़ी के दौरान डांस करने को लेकर बराती आपस में भिड़ गए। जमकर मारपीट हुई। इस दौरान एक बराती के सिर पर ईंट से प्राणघातक प्रहार किया गया, जिससे वह गंभीर घायल हो गया। उसे नाजुक अवस्था में मेरठ रेफर किया गया है।
अलमासपुर गांव में शुक्रवार रात को एक युवक की घुड़चढ़ी हो रही थी। दूल्हे के रिश्तेदार बराती डांस कर रहे थे। इसी दौरान नाचने को लेकर बरातियों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। झगड़ा होने पर अफरातफरी के साथ भगदड़ मच गई। इस दौरान घुड़चढ़ी के शामिल कुछ युवकों ने विनोद पुत्र महिपाल के सिर पर ईंट से प्रहार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर अचेत हो गया। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और कुछ हमलावरों को हिरासत में लिया। बाद में घायल युवक के भाई सुमित ने हमलावरों कौशिक चड़ीगढ़, शुभम, अंकित, विकास निवासी मंदौड, अमित भैंसी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करके आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।