मुजफ्फरनगर। नव विवाहिता के उत्पीड़न और मारपीट कर घर से निकाल कर फेंकने के मामले को लेकर एसएसपी दफ्तर पर दोनों पक्ष भिड़ गए। जिससे वहां हंगामा हो गया। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है। उधर, इस मामले में शहर कोतवाली पुलिस ने विवाहिता के चाचा की ओर से रेप, उत्पीड़न आदि संगीन धाराओं में पति समेत ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सिविल लाइन क्षेत्र के मोहल्ला मल्हुपुरा निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर दी थी। बताया था कि निकाह के तीन दिन बाद ही उसकी भतीजी के साथ उसके जेठ के बेटे ने दुष्कर्म किया। जब पीड़िता ने इसकी शिकायत पति और जेठ से की तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और हत्या करने का प्रयास किया। विवाहिता का शोर सुनकर आसपास के लोग आ गए, उन्होंने विवाहिता को बचाया। 28 मार्च को विवाहिता के ससुराल वाले उसे गाड़ी में डालकर ले आए और मायके के पास रजबाहे की पुलिया पर फेंक कर फरार हो गए।
पीड़ित पक्ष शुक्रवार को एसएसपी दफ्तर में रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग को लेकर आया था। इसी दौरान आरोपी पक्ष भी वहां पहुंच गया और दोनों पक्षों में हाथापाई हो गई, जिसके चलते वहां हंगामा हो गया। मारपीट से अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। उधर, शहर कोतवाल अनिल कप्परवान ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ का नारा कार्ड पर लिखा था
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली पीड़ित विवाहिता का निकाह 25 मार्च को ही हुआ था। उसके पिता ने निकाह के कार्ड पर बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ का नारा भी लिखवाया था। आरोप है कि निकाह के तीन दिन बाद ही ससुराल वालों ने उसका शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न किया और मारपीट कर मायके के पास फेंक दिया।