वनकर्मियों पर फायरिंग कर भागे माफिया
मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। हस्तिनापुर वन्य जीव विहार क्षेत्र के अंतर्गत महमूदपुर वन ब्लाक में खैर प्रजाति के वृक्षों को कटान करने वाले गिरोह तथा वन विभाग के कर्मचारियों में हुई मुठभेड़ के बाद करीब एक दर्जन बदमाश काटे गए पेड़ों को मौके पर ही फायरिंग करते हुए छोड़कर भाग गए।
जानसठ वन क्षेत्रधिकारी एसके बंसल ने बताया कि शनिवार रात वन विभाग के कर्मचारी नियमित गश्त पर थे। करीब दस बजे वन विभाग का गश्ती दल महमूदपुर वन ब्लाक क्षेत्र में पहुंचा तो वहां उन्होंने एक खैर का पेड़ गिरा पाया। इन लोगों ने गिरे पेड़ को देख मौजूद बदमाशों को ललकारा। वन विभाग की टीम के ललकारते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग करते हुए टिकौला के जंगल की ओर भाग निकले। दोनों ओर से जमकर फायरिंग हुई। इस दौरान बदमाश अंधेरे का लाभ उठाकर और करीब एक लाख रुपये कीमत के दो कटे खैर के पेड़ छोड़कर भागने पर मजबूर हो गए। मुठभेड़ की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। रात्रि में ही जिला वन अधिकारी सूरज कुमार तथा क्राइम ब्रांच के अधिकारी प्रविंद्र शर्मा भारी फोर्स के साथ घटनास्थल पहुंचे और मुठभेड़ की जानकारी ली। वन विभाग की टीम तथा पुलिसबल ने सामूहिक कांबिंग की, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो गए थे। बीट प्रभारी शबाब आलम की ओर से करीब एक दर्जन बदमाशों के विरुद्ध थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। उल्लेखनीय है कि एक माह पूर्व भी बदमाशों ने कासमपुर जंगल से खैर के तीन पेड़ों का कटान किया था। इस कटान को भी वन विभाग की टीम ने मुठभेड़ के बाद कब्जे में ले लिया था।
अवैध कटान से यातायात प्रभावित
मीरापुर। मीरापुर जानसठ मार्ग पर हाईवे के किनारे अवैध रूप से लकड़ी कटान डालने से यातायात बाधित हो रहा है। दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर 24 घंटे यातायात चलता है। मीरापुर में एक पेट्रोल पंप के सामने कुछ लोग लकड़ी का व्यापार करते हैं। ये लोग हाईवे के निकट अपने माल को डालकर यातायात अवरुद्ध करते हैं।
दुकान में चोरी करता किशोर पकड़ा
मीरापुर। मीरापुर रामराज रोड पर एक मोबाइल की दुकान से चोरी करता हुआ किशोर पकड़ा गया। पंजाबी कालोनी निवासी गुरजीत पुत्र हरदयाल स्थानीय संगीत सिनेमा के सामने रामराज रोड पर मोबाइल व स्पेयर पार्ट्स की दुकान करता है। आरोप है कि दोपहर करीब 12 बजे एक किशोर ने मोबाइल की दुकान से कुछ सामान चोरी कर लिया। दुकानदार ने आरोपी किशोर को पकड कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस छानबीन में लगी है।