एसबीआई अफसरों के खिलाफ रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर। नोटबंदी के दौरान जमा हुए नोटों में नकली नोट मिलने एसबीआई बैंक की मुख्य शाखा के अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
नोट बंदी के बाद बैंकों में जमा हुए 500 और 1000 के नोटों को बैंकों द्वारा आरबीआई के खजाने में जमा कराया गया था। जुलाई 2017 में एसबीआई बैंक की मुख्य शाखा द्वारा 500 और 1000 के नोट आरबीआई की कानपुर शाखा में जमा कराए गए थे, वहां जांच में 500 के 15 नोट जाली निकले। आराबीआई के अधिकारी द्वारा इस मामले में पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
पशु चोरी करते दबोचा
मुजफ्फरनगर। सुजडू निवासी असगर के घर से रात के समय एक युवक उसके पालतु पशु चोरी कर ले जा रहा था। आहट होने पर असगर की आंख खुल गई और उसने शोर मचा दिया, जिस पर आए पड़ौस के लोगों ने आरोपी फरमान को दबोच लिया और पुलिस को सौंप दिया।
हत्या की धमकी देने वाला पकड़ा
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पर पीनना निवासी सतेंद्र ने तहरीर दी। बताया कि पड़ोस के ही युवक ने उसके घर में घुसकर उसके साथ गालीगलौज करते हुए मारपीट की और उसे हत्या की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
वृद्धा लापता
मुजफ्फरनगर। कूकड़ा निवासी राकेश ने नई मंडी कोतवाली पर तहरीर देकर बताया कि उसकी मां 65 वर्षीया महेंद्री घर से बाहर घूमने के लिए निकली थी, जिसके बाद उसकी मां अपने घर वापस नहीं लौटी। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांधी कॉलोनी से बाइक चोरी
मुजफ्फरनगर। गांधी कालोनी निवासी सुखदेव पुत्र जीवनदास ने पुलिस को बताया कि किसी ने घर के सामने से उसकी बाइक चोरी कर ली।
गणपति धाम मंदिर में चोरी का प्रयास
मुजफ्फरनगर। नईमंडी स्थित गणपति धाम मंदिर में रविवार रात बदमाशों ने चोरी का प्रयास किया। सोमवार सुबह घटना का पता चलने पर श्रद्धालुओं में आक्रोश व्याप्त हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच की। इस मामले में पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। बताया गया कि रात में बदमाशों ने नई मंडी स्थित गणपति धाम मंदिर के ताले तोड़कर चोरी का प्रयास किया, लेकिन बदमाश मंदिर में प्रवेश नहीं कर पाए।
एटीएम कार्ड बदलने वाले दबोचे
मुजफ्फरनगर। बागोवाली निवासी मौहम्मद जावेद पुत्र मौहम्मद जमील ने शहर कोतवाली पुलिस को बताया कि वह रुड़की रोड पर स्थित एसबीआई के एटीएम में रुपये निकालने गया था। वहां दो युवकों नें उसका एटीएम कार्ड बदल लिया, लेकिन उसे अपने कार्ड की पहचान थी। उक्त दोनों युवक मौके से भागने लगे। जावेद ने एटीएम के गार्ड के साथ उक्त दोनों युवकों का पीछा किया और उन्हें दबोचकर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपी शाहिद निवासी मंडावली बिजनौर व अहसान निवासी नजीबाबाद बिजनौर हैं।