पुलिस को चकमा देकर फरार
तितावी (मुजफ्फरनगर) । तितावी पुलिस ने गांव मुकंदपुर में छापामारी कर एक मकान और खेत से हरियाणा मार्का की 355 पेटी शराब पकड़ी है। पुलिस ने मौके एक शराब तस्कर को दबोचा है, जबकि एक चकमा देकर भागने में कामयाब रहा। पकड़ी गई शराब सुबह चुनाव में जीत का जश्न मनाने के लिए बताई जा रही है। पुलिस ने देर रात दोनों आरोपियों के खिलाफ थाने में लिखा-पढ़ी की है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव मुकंदपुर में बड़ी मात्रा में बृहस्पतिवार को हरियाणा मार्का की अंग्रेजी शराब की खेप आई है। पुलिस ने गांव की घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस ने गांव में बिट्टू के मकान पर छापा मारा। तलाशी में मकान के कमरों में रखी 320 पेटी शराब बरामद की। इसी बीच पुलिस को चकमा देकर आरोपी तस्कर बिट्टू मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने एक खेत में छापा मारकर 35 पेटी शराब बरामद की है। पकड़ी गई शराब गांव मुकंदपुर निवासी सुरेंद्र की निकली। पुलिस ने गांव में दबिश देकर सुरेंद्र को दबोच लिया। पकड़ी गई शराब को निकाय चुनाव में जीत के जश्न के लिए मंगवाया बताया गया है। पुलिस पकड़े गए तस्कर से पूछताछ में लगी है। तितावी एसओ सूबे सिंह मयफोर्स के देर शाम तक गांव में आरोपी बिट्टू की तलाश में लगे थे। दोनों के खिलाफ थाने पर अभियोग पंजीकृत किया गया है। पकड़ी गई शराब की कीमत लाखों रुपये है।