मंसूरपुर। बेगराजपुर के मुजफ्फरनगर मेडिकल कालेज में भर्ती दौराला का मरीज सोमवार सुबह लापता हो गया था। मरीज को काफी तलाश करने पर उसका कहीं पता नहीं चल सका है। रालोद जिलाध्यक्ष अजीत राठी ने परिजनों को साथ लेकर मेडिकल कालेज स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए गेट पर धरना दिया। वहीं, पुलिस ने ड्यूटी पर तैनात पांच गार्डों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
दौराला निवासी संजय पुत्र कांति प्रसाद को परिजनों ने लीवर की बीमारी के चलते नौ नवंबर को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया था। सोमवार को मरीज संजय मेडिकल कालेज से लापता हो गया। परिजनों द्वारा काफी तलाश करने पर भी संजय का कोई पता नहीं चला। रालोद अध्यक्ष अजीत राठी, प्रदेश सचिव विकास बालियान के नेतृत्व में परिजन मंगलवार शाम को मेडिकल गेट पर धरना देकर बैठ गए। आरोप लगाया कि मेडिकल कालेज प्रशासन की लापरवाही से ही संजय गायब हुआ है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने पर संजय के साथ दो अज्ञात व्यक्ति मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। मौके पर पहुंचे बेगराजपुर चौकी इंचार्ज राजकुमार शर्मा का कहना था कि इसमें मेडिकल कालेज की घोर लापरवाही है। ड्यूटी में तैनात ती गार्डों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इसके अलावा नर्सिंग स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है। मेडिकल कालेज के प्रिंसिपल एसके राणा का कहना है कि मरीज लापता हुआ है।
मरीज हो सकता है कि मानसिक तनाव के चलते कहीं चला गया हो। पुलिस के साथ हम पूरा सहयोग कर रहे हैं। हमने उस समय ड्यूटी पर तैनात गार्डों को पूछताछ के लिए पुलिस को सौंप दिए हैं और अपने स्तर से भी जांच कर रहे हैं। लापता मरीज संजय के बहनोई राकेश सिंघल ने सोमवार की शाम को ही गुमशुदगी की तहरीर पुलिस को दे दी थी। पुलिस के आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ।