युवकों ने सिपाही से की गाली-गलौज, मारपीट
मुजफ्फरनगर। शिवचौक पर चेकिंग के दौरान बाइक रुकवाने पर तीन युवकों ने सिपाही से गाली-गलौज के बाद मारपीट कर दी। पुलिस ने सपा नेता और दो अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शहर कोतवाली के शिवचौक पर रविवार रात पुलिस चेकिंग कर रही थी। इस दौरान बुलेट सवार तीन युवक गलत साइड से बाइक निकालने लगे। ड्यूटी पर तैनात सिपाही ने तीनों को रोका तो उन्होंने गाली-गलौज कर मारपीट कर दी। सिपाही के शोर मचाने पर अन्य सिपाही आए तो तीनों आरोपी युवक चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में सपा नेता राशिद अब्बासी और दो अन्य अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। उधर, शहर कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो युवकों को पकड़ लिया। तलाशी में दोनों से छुरियां मिलीं। पुलिस के अनुसार पकड़े गए युवक सुजडू निवासी नईम और सादिक हैं। दोनों का चालान कर दिया गया है।