मैकेनिक के घर के ताले तोड़कर नकदी-जेवर चोरी
मुजफ्फरनगर। गांव पीनना निवासी मैकेनिक के घर के ताले तोड़कर बदमाशों ने नकदी-जेवरात समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव पीनना निवासी राशिद ने तहरीर देकर बताया कि वह मैकेनिक है। मंगलवार को वह परिजनों के साथ रिश्तेदारी में गया था। देर रात बदमाशों ने घर के ताले तोड़कर अलमारी में रखी हजारों की नकदी के साथ ही सोने-चांदी के जेवरात व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। बुधवार को घर लौटने पर पीड़ित परिजनों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को चोरी की सूचना दी गई। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
घर में सोए रिश्तेदार की जेब से नकदी चोरी
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव बहेड़ी निवासी इंतजार अली ने तहरीर देकर बताया कि अंबेहटा निवासी रिश्तेदार शादाब उनके घर आया हुआ था। आरोप है कि गांव का ही एक आरोपी घर में घुस आया। आरोप है कि आरोपी शादाब की जेब से तीन हजार रुपये चोरी कर लिए। शोर मचाने पर आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी सुहेब को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी किए गए 12 सौ रुपये भी बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है।