जेल में नशे की गोलियां ले जाता पकड़ा
मुजफ्फरनगर। जिला कारागार में बंदी को नशे की गोलियां लेकर जा रहे एक युवक को कारागार के बंदी रक्षकों ने गेट पर चेकिंग के दौरान पकड़ लिया। बाद में उसे नई मंडी कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। जेलर कमलेश सिंह की ओर से आरोपी के खिलाफ नई मंडी कोतवाली पर मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जेल अधीक्षक एके सक्सेना ने बताया कि बुधवार को बंदियों की मिलाई के लिए एक युवक कारागार में जा रहा था। गेट पर बंदी रक्षकों ने उसकी तलाशी ली तो नमकीन के पैकेटों के बीच छिपा कर रखी की ढाई हजार नशे की गोलियां बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मौहम्मद मुख्त्यार पुत्र यामीन निवासी नई मदीना कालोनी, थाना सिविल लाइन बताया। उसका भाई आस मौहम्मद जेल में बंद है। जिसे मीरापुर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर जेल भेजा था। आरोपी युवक अपने भाई आस मोहम्मद के लिए नशे की गोलियां लेकर जा रहा था। आरोपी को नई मंडी कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस संबंध में जेलर कमलेश सिंह की ओर से उसके खिलाफ नई मंडी कोतवाली में अभियोग पंजीकृत कराया गया है।
किशोर न्यायालय में होगी सुनवाई
मुजफ्फरनगर। शांतिनगर में हुए अधिवक्ता की पत्नी की हत्या के मामले में जेल में बंद मृतका की बेटी और उसके प्रेमी ने अपने अधिवक्ताओं के जरिये सीजेएम कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर खुद के नाबालिग होने का दावा किया है। साथ ही दोनों को नाबालिग घोषित करने की मांग की है। सीजेएम कोर्ट ने दोनों की अर्जी को किशोर न्यायालय भेजे जाने के आदेश दिए है। अब किशोर न्यायालय में इसकी सुनवाई होगी कि दोनों बालिग है या नाबालिग। उसी के आधार पर संबंधित कोर्ट में दोनों पर हत्या का मामला चलेगा। बता दें कि छह जनवरी को शांतिनगर निवासी अधिवक्ता सुंदरपाल की पत्नी ईशावती उर्फ छोटी की हत्या हुई थी। नौ जनवरी को नई मंडी पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतका की बेटी को उसके प्रेमी समेत गिरफ्तार कर जेल भेजा था।