मुठभेड़ में तीन लुटेरे पुलिस के हत्थे चढ़े
मुजफ्फरनगर। पचेंडा रोड पर शनिवार तड़के हुई मुठभेड़ में फरार हुए तीन बदमाशों को पुलिस ने संधावली कट से गिरफ्तार कर लिया। लुटेरों के कब्जे से दो तमंचे-कारतूस और एक चाकू बरामद किया गया है।
नई मंडी कोतवाली पुलिस ने शनिवार तड़के हाईवे पर बीबीपुर चेकपोस्ट के पास से ट्रक लूट के मामले में पचेंडा रोड पर मुठभेड़ में तीन लुटेरों को गिरफ्तार किया था, जबकि तीन अन्य लुटेरे फरार हो गए थे। नई मंडी इंस्पेक्टर हरशरण शर्मा ने बताया कि शनिवार देर रात पुलिस ने चेकिंग के दौरान संधावली कट के पास संदिग्ध हालत में खड़े तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पकड़े गए तीनों बदमाश वही लुटेरे निकले, जो शनिवार तड़के पचैंडा रोड पर हुई मुठभेड़ में फरार हो गए थे। इंस्पेक्टर के अनुसार, पकड़े गए लुटेरों में हापुड़ के धौलाना थाना क्षेत्र के गांव शेखपुर खिचड़ा निवासी रौनक पुत्र ताहिर, गांव बझेड़ा कलां निवासी इकबाल पुत्र इंतजार और गांव देहरा झाल का निवासी आस मोहम्मद पुत्र महफूज शामिल हैं। पकड़े गए लुटेरों के पास से दो तमंचे-कारतूस और एक छुरी बरामद की गई है, जिन्हें जेल भेज दिया गया है।