छपार (मुजफ्फरनगर)। दिल्ली-दून नेशनल हाईवे के बस अड्डे पर खड़े पिता-पुत्र को एक कार ने कुचल दिया। हादसे में पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पिता और कार सवार महिला घायल हो गए। सूचना पर मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने कार के चालक को हिरासत में ले लिया।
छपार थाना क्षेत्र के गांव बरला निवासी टीटू त्यागी को भैयादूज पर यमनानगर (हरियाणा) जाना था। उसका पुत्र अक्षित पिता को सुबह छह बजे बस अड्डे पर छोड़ने आया था। दोनों बस का इंतजार कर रहे थे, तभी एक कार पुरकाजी की ओर से तेज गति आई और डिवाइडर से टकरा कर पिता-पुत्र को कुचलते हुए पलट गई। हादसे में अक्षित (22) की मौके पर ही मौत हो गई। वह बीएससी का छात्र था। हादसे में उसका पिता टीटू त्यागी गंभीर घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में कर घायल को उपचार के जिला चिकित्सालय भेज दिया, वहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया। मृतक के चाचा संजीव ने पोस्टमार्टम न कराने को पुलिस को लिखित देकर शव का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं, हादसे में हरिद्वार के थाना मंगलौर के गांव कुआहेड़ी निवासी मनोज कार चालक की पत्नी सुनीता भी हादसे में घायल हुई, उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया। परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज कराने से इंकार कर दिया। छात्र की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।