लुटेरे को रिमांड पर लिया
बुढ़ाना। न्यायालय में आत्मसमर्पण कर जेल गए लूट के आरोपी को पुलिस ने रिमांड पर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने लूट के आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से तीन हजार रुपये की लूटी गई नकदी बरामद की।
कोतवाली क्षेत्र के वैल्ली मार्ग पर 20 दिसंबर 2017 को आधा दर्जन बदमाशों ने गांव वैल्ली के ग्राम प्रधान सहित कई लोगों को लूट का शिकार बनाया था। घटना की रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराई गई थी। वरिष्ठ उपनिरीक्षक जयभगवान यादव ने बताया कि इस घटना के सभी आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। घटना का आरोपी आरिफ, निवासी रसूलपुर दभेड़ी, न्यायालय में आत्मसमर्पण कर जेल गया था। पुलिस ने मंगलवार को आरिफ को न्यायालय के आदेश पर जिला कारागार से रिमांड पर लेकर पूछताछ की। पुलिस ने बताया कि आरिफ ने अपना अपराध स्वीकार किया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरिफ की निशानदेेही पर उसके घर से लूटी गई तीन हजार रुपये की नकदी बरामद की। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरिफ को वापस जिला कारागार भेज दिया।