संदिग्ध हालात में लापता हुई किशोरी
भौराकलां। थाना क्षेत्र के गांव जैतपुर निवासी पायल (14) पुत्री रमेश शाम करीब पांच बजे घर से कूड़ा डालने के लिए निकली थी, लेकिन घर नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसी दौरान कुछ बच्चों ने किशोरी को गांव के तालाब की तरफ जाते देखने की बात कही, जिस पर ग्रामीण व परिजन उधर दौड़ पड़े और किशोरी की तलाश की, लेकिन कुछ नहीं मिला। तलाश के दौरान ही किसी ने किशोरी के तालाब में गिरने की आशंका जताई, जिस पर ग्रामीणों ने कई ट्रैक्टर लगाते हुए पंप से तालाब का पानी निकालना शुरू कर दिया। सूचना पर एसडीएम बुढ़ाना व एसओ बचनसिंह अत्री भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से मामले की जानकारी ली। देर रात तक गांव में गोताखोर बुलाए जाने की तैयारी की जा रही थी।
दो मजदूरों को नशीला पदार्थ खिलाकर नकदी लूटी
भोपा। थाना क्षेत्र के गांव अलीपुरा तिस्सा निवासी ऋषिपाल ने तहरीर देकर बताया कि वह काफी समय से छत्तीसगढ़ प्रांत के कवरधा जनपद में कोल्हू पर गांव के ही कुछ लोगों के साथ मजदूरी करता है। पीड़ित का कहना है कि तीन दिन पूर्व वह साथी रमेश के साथ छत्तीसगढ़ से लौट रहा था। ऋषिपाल ने बताया कि वे दोनों दिल्ली से बस में मुजफ्फरनगर के लिए सवार हुए थे, लेकिन रास्ते में मेरठ के पास किसी ने उन्हें नशीला पदार्थ खिला दिया, जिससे वे बेहोश हो गए। शनिवार को उन्हें होश आया, जिसके बाद वे कुछ स्कूली बच्चों के सहयोग से रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां से ट्रेन पकड़कर वे घर लौटे। इस दौरान उनकी जेब से दस-दस हजार रुपये भी निकाल लिए गए। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।