हर्ष फायरिंग में युवक को लगी गोली
भोपा (मुजफ्फरनगर)। गांव बेलड़ा में आयोजित शादी समारोह में डीजे पर डांस के दौरान की गई हर्ष फायरिंग में गांव के ही युवक को पेट में गोली लग गई। लहूलुहान युवक को रात में ही जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामले में बिना अनुमति डीजे बजा रहे संचालक को हिरासत में लिया है।
थाना क्षेत्र के गांव बेलड़ा के एक मुस्लिम परिवार की बेटी की रविवार को बारात आनी थी। बारात आने से पूर्व शनिवार रात मंढ़ा कार्यक्रम था, जिसके लिए डीजे भी लगाया गया था। देर रात डीजे बजाकर कुछ लोग डांस आदि में लगे हुए थे। इसी दौरान दुल्हन पक्ष के एक युवक ने वहां पहुंचकर तमंचे से हर्ष फायरिंग करनी शुरू कर दी। युवक को फायरिंग करते हुए डीजे पर ही डांस कर रहे तीन-चार अन्य युवकों ने भी गोली चलाने के लिए उससे तमंचा छीनने का प्रयास किया। इसी खींचतान के दौरान अचानक तमंचे से गोली चल गई, जो वहां डांस कर रहे दुल्हन पक्ष के ही एक युवक के पेट में जा धंसी। युवक को गोली लगते ही अफरातफरी मच गई। पीड़ित परिजन बिना पुलिस को बताए तत्काल घायल को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां से उसे गंभीर हालत में मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया। रविवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बीपी सिंह ने सीकरी चौकी प्रभारी को जांच के लिए भेजा, तब जाकर पुलिस को घटना की जानकारी मिली। इंस्पेक्टर ने बताया कि फिलहाल किसी ने घटना की तहरीर नहीं दी है। फिलहाल बिना अनुमति के डीजे बजाने वाले संचालक को हिरासत में ले लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। उधर, मामले में दुल्हन के परिजनों का कहना है कि युवक को पटाखे छुड़ाने के दौरान कोई पटाखा पेट में लगा है, जिससे वह घायल हुआ। हर्ष फायरिंग नहीं की गई है।