देवबंद के हैंडबॉल खिलाड़ी का किया स्वागत
मुजफ्फरनगर। उजबेकिस्तान की 27वीं नेशनल हैंडबॉल चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम में शामिल रहे देवबंद के खिलाड़ी आकाश चौधरी का स्पोर्ट्स स्टेडियम में जोरदार स्वागत किया गया।
चौधरी चरण सिंह जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रेम कुमार व हैंडबॉल कोच रामकुमार ने बताया कि उजबेकिस्तान में विगत 23 से 30 सितंबर तक नेशनल हैंडबॉल चैंपियनशिप का आयोजन किया गया था। इसमें भारत समेत नौ देशों की टीमों ने प्रतिभाग किया, जिसमें भारतीय टीम ने कांस्य पदक जीता। उन्होंने बताया कि भारतीय टीम में देवबंद के आकाश चौधरी भी शामिल थे, जो शुक्रवार को देवबंद जाते समय जनपद स्पोर्ट्स स्टेडियम में रुके। यहां आकाश का स्वागत किया गया। स्वागत करने वालों में हैंडबॉल कोच रंजीत सिंह केसरी, बिमलेश, अमेठी के कोच ध्रुव कुमार आदि शामिल रहे।
वुशू की जूनियर टीम का ट्रायल 14 को
मुजफ्फरनगर। जनपद सहारनपुर के डॉ भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में 24 से 26 अक्तूबर को होने वाली राज्य स्तरीय वुशू जूनियर चैंपियनशिप के लिए जिले की जूनियर टीम का ट्रायल 14 अक्तूबर को बुढ़ाना की वुशू एकेडमी में किया जाएगा। जिला वुशू सचिव अमीर आलम सैफी व वुशू कोच मनीष शर्मा ने बताया कि ट्रायल में मुजफ्फरनगर व शामली दोनों जनपदों की टीम का ट्रायल कराया जाएगा, जिसमें 45 से 80 किलो भार वर्ग के खिलाड़ियों का राज्य स्तर पर खेलने के लिए टीम में चयन किया जाएगा। ट्रायल में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को आधार कार्ड, जन्म व स्वास्थ्य प्रमाणपत्र लाना अनिवार्य है।