मुजफ्फरनगर। शहर के सदर बाजार स्थित अकाउंटेंट के ऑफिस के ताले तोड़कर बदमाशों ने लैपटॉप और अन्य सामान चोरी कर लिया। बदमाशों ने ऑफिस में लगा इन्वर्टर-बैटरा भी खोल लिया, लेकिन उसे ले जाने में नाकाम रहे।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के सदर बाजार में ए जैन अकाउंटेंट का ऑफिस है। बुधवार सुबह सीए कर्मचारियों के साथ ऑफिस पहुंचे तो वहां के ताले व शीशे टूटे मिले। सीए के अनुसार, बदमाश देर रात ताले तोड़कर अंदर घुसे और वहां से लैपटॉप व अन्य सामान चोरी कर लिया। बदमाशों ने ऑफिस में लगा इन्वर्टर-बैटरा भी चोरी कर लिया, लेकिन उसे ले जाने में नाकाम रहे, जो गेट के पास ही रखे मिले। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीए से घटना की जानकारी लेते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
निराना के मजदूर का रेहड़ा ले उड़ा शातिर
मुजफ्फरनगर। सिखेड़ा क्षेत्र के गांव निराना निवासी इमरान शहर में रेहड़ा चलाकर मजदूरी करता है। बुधवार सुबह वह रेहड़ा लेकर सदर बाजार से जा रहा था। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उसे रोककर अपनी गाड़ी का पंक्चर हुआ टायर रिपेयर कराने के लिए कोर्ट रोड जाने की बात कही। इमरान टायर लेकर उक्त व्यक्ति के साथ चलने लगा तो कुछ दूर पहुंचकर उसने पीड़ित को बीस रुपये देकर छोले लाने के लिए भेज दिया और खुद रेहड़ा लेकर भाग निकला। कुछ देर बाद इमरान छोले लेकर लौटा तो रेहड़ा गायब देख सकते में आ गया। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।