मोरना। साध्वी से रंगदारी मांगने तथा पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले को लेकर विहिप कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है। कार्यकर्ताओं ने सार्वजनिक रुप से आत्मदाह करने तथा सडक़ पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
शुक्रताल स्थित महाशक्ति सिद्धपीठ की संचालिका साध्वी माता राज नंदेश्वरी को पिछले एक माह से लगातार करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगने तथा पैसे नहीं देने पर हत्या करनी की धमकी भरे पत्र लगातार मिल रहे हैं। दो दिन पूर्व मिली धमकी में साध्वी का अंजाम मुन्ना भाई बजरंगी की तरह हत्या करने की धमकी दी गई है। पुलिस की निष्क्रियता से खिन्न होकर साध्वी ने सार्वजनिक रुप से आत्मदाह की चेतावनी दी है। शुक्रवार को आश्रम में पहुंचे विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने घटना को लेकर भारी रोष प्रकट करते हुए कहा कि माताजी से पहले विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता आत्मदाह करेंगे। भाजपा सरकार में हिंदुओं की रक्षा करने के लिए अगर संत ही सुरक्षित नहीं रहेंगे, तो उनका उद्देश्य ही समाप्त हो जाएगा। विश्व हिंदू परिषद घटना को लेकर शासन प्रशासन के विरुद्ध सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी। इस मौके पर महामंडलेश्वर गोपालदास जी महाराज, कृपालदास जी महाराज, जिला मंत्री विहिप प्रदीप त्यागी, नगर संयोजक अभिजीत सिंह गंभीर, जिला सहमंत्री अतुल त्यागी, जिला सुरक्षा प्रमुख बजरंग दल प्रवीण ककराला, मीडिया प्रभारी चिराग प्रताप, जिला उपाध्यक्ष बिरेंद्र धीमान, मयंक त्यागी आदि उपस्थित रहे।