मुजफ्फरनगर। ट्रकों से सरिया चोरी करा कर बिकवाने के मामले में जांच में दोषी पाए गए बेगराजपुर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राजकुमार शर्मा और सुजडू चुंगी स्थित गेटवे चौकी प्रभारी दरोगा क्षितिज कुमार को एसएसपी ने निलंबित कर दिया। खतौली के दो एसआई योगेंद्र पंवार और कपिल देव पर भी निलंबन की गाज गिरी है। ये दोनों भी चोरों से अनुचित लाभ प्राप्त करने में दोषी पाए गए है।
सिविल लाइन और मंसूरपुर थाना क्षेत्र में अवैध रुप से ट्रकों से सरिये को चोरी करा कर बेचने के मामले में खाकी की संलिप्ता पाई गई है। शिकायत के बाद एसएसपी अनंत देव ने जांच कराई तो बेगराजपुर चौकी और सुजडू चुंगी स्थित गेटवे चौकी प्रभारी दोषी पाए गए। कप्तान ने दोनों एसआई राजकुमार शर्मा और क्षितिज कुमार को निलंबित कर दिया है। एसएसपी ने बताया कि दोनों चौकी प्रभारियों पर ट्रकों से सरिया चोरी कराकर बिकवाने वाले गिरोह से संबंध रखने के गंभीर आरोप सही पाए गए है। मामले की गोपनीय जांच कराई गई थी। उन्होंने बताया कि खतौली कोतवाली के दो दरोगा कपिल देव और योगेंद्र पंवार को भी जांच में दोषी पाए जाने पर निलंबित किया गया है। चोरी के मामले में पकड़े गए आरोपियों से अवैध रुप से अनुचित लाभ लेने के कारण उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है।
चलती बस में जेब काटता युवक दबोचा
मुजफ्फरनगर। गांव हुसैनपुर बोपाड़ा निवासी नरेंद्र ने सिविल लाइंस थाने में तहरीर देकर बताया कि वह मंगलवार को बस से शहर आ रहा था। आरोप है कि महावीर चौक पर जैसे ही वह बस से नीचे उतरने लगा, एक युवक ने उसकी जेब काटकर उसमें से पांच हजार रुपये साफ कर दिए। ठीक उसी समय नरेंद्र को इसकी भनक लग गई, जिस पर उसने शक के आधार पर अपने ठीक पीछे खड़े युवक को पकड़कर शोर मचा दिया। इस पर मुसाफिरों ने आरोपी को पकड़ लिया, जिसकी तलाशी लेने पर नरेंद्र की जेब से उड़ाए गए रुपये युवक के पास से बरामद हो गए। इस पर आरोपी को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।