ई-रिक्शा एजेंसी में सेंध लगा कर चोरी
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र में शामली बस स्टैंड पर स्थित ई-रिक्शा एजेंसी में सेंध लगा कर चोरों ने नगदी समेत कई लाख की कीमत का सामान चोरी कर लिया। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के शामली रोड पर ई-रिक्शा की यूनिक नामक एजेंसी में यह वारदात हुई। एजेंसी मालिक भूरा बृहस्पतिवार सुबह जब वह एजेंसी पर पहुंचा तो उसे चोरी की घटना का पता चला। चोरों ने एजेंसी की पीछे की दीवार में नकब लगाई थी। चोरों ने एजेंसी में रखी नगदी, कई बैट्री, लैपटॉप आदि सामान चोरी किया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच की। इस मामले में एजेंसी के मालिक ने पुलिस को तहरीर दी है, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
युवती को ब्लैकमेल करने वाला दबोचा
मुजफ्फरनगर। युवती के अश्लील फोटो खींचकर उसे ब्लेकमैल करने वाले एक आरोपी युवक को लोगों ने दबोच कर धुनाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
हरियाणा के पानीपत में रहने वाले आरोपी युवक ने पानीपत के ही एक युवक से दोस्ती की। घर आना जाना हो गया। इसी दौरान आरोपी ने दोस्त की बहन के अश्लील फोटो खींच लिए और उसे ब्लेकमैल करने लगा, जहां पर युवती का रिश्ता होता है वह उन्हें धमकी देकर रिश्ता तुड़वा देता था। युवती के परिजनों ने युवती को यहां शहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में उसके मामा के घर भेज दिया था। आरोपी युवती के मामा के घर ही पहुंच गया। परिजनों ने आरोपी युवक को दबोच कर धुनाई करके पुलिस के हवाले कर दिया है।
जहर खुरानी गिरोह ने लूटा
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली के शामली रोड पर युवक बेहोशी की हालत में पड़ा हुआ मिला। कुछ लोगों ने उक्त युवक को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। बाद में उसकी पहचान चरथावल निवासी शान मियां के रूप में हुई। वह कियी कार्य से शहर आया था। रास्ते में किसी ने उसे कुछ खिला कर उसका सामान और नगदी लूट ली।