जानसठ (मुजफ्फरनगर)। मीरापुर क्षेत्र में मुठभेड़ में मारे गए इनामी इंद्रपाल का शनिवार को पोस्टमार्टम कराया गया। जानसठ थाने पर उसका शव लेने के लिए पिता-भाई और कई रिश्तेदार आए थे। यहां पर कागजी कार्रवाई के बाद शव उन्हें सौंपा गया। इस बीच पिता और भाई की आंखों में आंसू तो जरूर आए, लेकिन खामोश हो गए। पिता इतना ही कह सके कि इंद्रपाल के कारण गांव-समाज में कलंकित हो गए थे।
नोएडा एसटीएफ और मीरापुर-जानसठ पुलिस के संयुक्त आपरेशन में गाजियाबाद के मसूरी थाने के गांव नूरपुर निवासी 25 हजार का इनामी बदमाश इंद्रपाल ढेर हो गया था। उसके एनकाउंटर की खबर परिजनों तक पहुंची तो शनिवार को उसका शव लेने के लिए वह जानसठ पहुंचे। जानसठ थाने पर उसका पिता जयप्रकाश, भाई मिंटू के साथ चरण सिंह, विजय, राजेंद्र और कालूू राम आदि रिश्तेदार पहुंचे। शनिवार दोपहर तक बदमाश का पोस्टमार्टम कराया गया। उसके बाद पुलिस ने उसके शव को परिजनों के हवाले कर घर तक भिजवाया। इस दौरान पिता की आंखों में आंसू आए, लेकिन बेटे के कृत्यों के आगे बेबस रहा। पिता और भाई इतना ही कह पाए कि लाख समझाने के बाद भी इंद्रपाल ने बुरी संगत का साथ नहीं छोड़ा। उसके इनामी होने के बाद गांव, समाज में उनके माथे पर कलंक लग गया। इंद्रपाल के कारण कभी सुकून से नहीं रह सके। उसकी हरकतों के कारण गांव छोड़ना पड़ गया।
बैग में मिले बिस्कुट-नमकीन
जानसठ। इनामी बदमाश के बैग में कई तरह के बिस्कुट और नमकीन मिले हैं। इसके अलावा कैप्सूल भी पाए गए हैं। बदमाश खाने-पीने का शौकीन बताया गया है, जो वारदात से पहले भरपेट भोजन और अन्य पदार्थ खाता था। उसके बैग से मिले सामान यही प्रतीत कर रहे हैं। पुलिस ने जांच के बाद उसका सामान परिजनों के हवाले कर दिया।