किशोरी का अपहरण कर किया दुष्कर्म
मुजफ्फरनगर। एक किशोरी का बहला-फुसलाकर अपहरण कर लिया। अपहरण के बाद एक आरोपी ने किशोरी के साथ रेप किया। आरोपी चार माह पूर्व छात्रा के मकान में किराएदार थे। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नई मंडी थाना क्षेत्र के मोहल्ला में एक मकान में कुछ लोग चार माह पूर्व किराए पर रहते थे, जो अब कहीं अन्य स्थान में रह रहे हैं। आरोप है कि किराएदारों ने नौवीं की छात्रा का बहला-फुसला कर अपहरण कर लिया और एक आरोपी ने किशोरी के साथ रेप किया। किशोरी ने जब शोर मचाया, तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। किशोरी ने पूरी बात अपने परिजनों को बताई। किशोरी के परिजनों ने एक महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ रेप और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
तीन गैंगस्टर एक्ट में निरुद्ध
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने तीन लोगों को गैंगस्टर एक्ट में निरुद्ध किया है। पुलिस ने सलमान पुत्र मोहम्मद राजा निवासी दक्षिणी खालापार, अमन उर्फ तालिब पुत्र फारुख व आसिफ उर्फ लवी पुत्र छम्मन निवासीगण किदवईनगर को गैंगस्टर एक्ट में निरुद्ध किया है। उक्त तीनों पर गिरोह बनाकर संगीन अपराध करने के आरोप हैं।
भर्ती में आए भाइयों से मारपीट
मुजफ्फरनगर। सेना भर्ती में आए युवक और उसके सिपाही भाई के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की। पुलिस ने चार हमलावरों को हिरासत में लिया है।
तितावी के गांव नंगला पिथौरा निवासी वाजिद अपने कांस्टेबल भाई, जो नोएडा में तैनात हैं, के साथ सेना भर्ती के लिए आया था। यहां से वह भाई के साथ गाड़ी में सवार होकर घर लौट रहा था। शामली स्टैंड पर कुछ युवकों से उनका विवाद हो गया, जिस पर उक्त युवकों ने उनके साथ मारपीट कर दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने चार हमलावरों को हिरासत में लिया है।