मकान बंटवारे के विवाद में भिड़े दो पक्ष
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दक्षिणी खालापार निवासी फैज व सलीम पक्ष के बीच पुश्तैनी मकान के बंटवारे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। रविवार सुबह इसी बात को लेकर दोनों पक्ष मामूली कहासुनी के बाद आमने-सामने आ गए, जिसमें दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक पक्ष से शावेज व जावेद और दूसरे पक्ष से समीर व फैसल को हिरासत में ले लिया। बाद में चारों युवकों का शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया गया।
चरस के साथ दबोचा युवक
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने फक्करशाह चौक पर शनिवार रात चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। पुलिस के अनुसार युवक के पास से सौ ग्राम चरस बरामद की गई, जिस पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी मोहल्ला खालापार की गुल्लरवाली गली निवासी रोशन पुत्र हुसैन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
गैंगस्टर का वांछित गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली पुलिस ने शनिवार रात चेकिंग के दौरान संदिग्ध हालात में घूम रहे युवक को गिरफ्तार किया। इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह के अनुसार पकड़ा गया आरोपी गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी के प्रगति विहार निवासी रिंकू राठौर है, जो उनके यहां से गैंगस्टर में वांछित चल रहा था। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।