डॉक्टर बेटे और पुत्रवधू के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। शहर के वहलना चौक पर करीब एक सप्ताह पूर्व अचेतावस्था में मिली महिला ने अपने डॉक्टर बेटे व पुत्रवधू पर ही जहरीला पदार्थ देकर फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के वहलना चौक पर करीब एक सप्ताह पूर्व करीब 65 साल की वृद्धा अचेतावस्था में मिली थी, जिस सूचना पर पहुंची पुलिस ने ले जाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। वृद्धा की पहचान मेरठ जनपद के पल्लवपुरम निवासी उर्मिला सिंह पत्नी रामबीर के रूप में हुई थी, जिसे बाद में उसके परिजन ले गए थे। शुक्रवार को उर्मिला सिंह परिजनों के साथ शहर कोतवाली पहुंची और अपने बेटे सौरभ व पुत्रवधू शहर के अग्रसेन विहार निवासी प्रीति के खिलाफ तहरीर देकर उन्हीं पर जहर देकर वहलना चौक पर फेंकने का आरोप लगाया। वृद्धा के अनुसार, उसका बेटा सौरभ व पुत्रवधू प्रीति डॉक्टर हैं, जो मेरठ के सकौती में क्लीनिक चलाते हैं। पीड़िता ने बताया कि वह घटना वाले दिन सकौती में बेटे व पुत्रवधू के पास किसी काम से गई थी, लेकिन उन्होंने अज्ञात कारणों से उन्हें जहर दे दिया और बाद में वहलना चौक पर फेंककर फरार हो गए। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।