लूट की फर्जी सूचना देने वाला युवक दबोचा
मुजफ्फरनगर। गांव जटमुझेड़ा निवासी युवक ने शराब के नशे में पुलिस कंट्रोल रूम को लूटपाट की फर्जी सूचना दे दी और मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया। तीन बार लगातार सूचना देने और मोबाइल बंद करने के बाद पुलिस ने आखिरकार घेराबंदी कर उसे दबोच लिया और मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव जटमुझेड़ा निवासी रिंकू नामक युवक ने बुधवार देर रात पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर अपने साथ बदमाशों द्वारा लूटपाट किए जाने की सूचना दे दी। पुलिस युवक के बताए स्थान पर पहुंची, तो आरोपी ने मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया। पुलिस उसकी तलाश कर लौटी तो उसने फिर से सौ नंबर पर फोन कर दिया और मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया। लगातार तीन बाद आरोपी ने इसी तरह फोन किया, जिस पर पुलिस ने उसकी घेराबंदी कर ली। देर रात इंस्पेक्टर हरशरण शर्मा ने आरोपी को धर दबोचा, जो शराब के नशे में पाया गया। पुलिस ने रात में ही उसका मेडिकल कराने के बाद उसे हवालात में डाल दिया। बृहस्पतिवार सुबह आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।