मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव सुजड़ू निवासी किशोरी से तीन दिन पूर्व एक युवक ने घर में घुसकर उसे अकेली पाकर छेड़छाड़ की थी। विरोध करने पर आरोपी ने किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने पर लोगों ने मोहल्ला लद्दावाला निवासी नदीम को मौके पर ही धर लिया था। पुलिस ने किशोरी के परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया था। वहीं, सोमवार को पुलिस ने छेड़छाड़ पीड़ित किशोरी के कोर्ट में बयान दर्ज कराए। इसके साथ ही पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल भी कराते हुए उसकी जांच रिपोर्ट विवेचना में शामिल कर ली है।
दुष्कर्म का आरोपी जेल भेजा
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के शहर से सटे गांव निवासी मनोरोगी किशोरी से तीन दिन पूर्व दूसरे समुदाय के युवक ने घर में घुसकर दुष्कर्म किया था। मामले में पुलिस ने गांव बहेड़ी निवासी साकिब पुत्र कादिर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया था। सोमवार को पुलिस ने आरोपी साकिब को जेल भेज दिया।
छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के बुढ़ाना मोड़ निवासी ने तहरीर देकर बताया कि उसकी 21 वर्षीय बेटी 14 नवंबर 2018 को कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन घर नहीं लौटी। हरसंभव तलाश के बावजूद युवती का पता नहीं चल सका है। पीड़ित ने अनहोनी की आशंका जताते हुए तहरीर देकर बेटी की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
किशोरी से छेड़छाड़, विरोध पर मारपीट
भोपा। थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवती ने तहरीर देकर बताया कि सोमवार को उसकी छोटी बहन पड़ोस में किसी काम से जा रही थी। आरोप है कि मोहल्ले के ही युवक ने सरेराह उसके साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी ने किशोरी के साथ मारपीट कर दी और धमकी देकर फरार हो गया। पीड़िता के अनुसार, करीब तीन वर्ष पूर्व उसके पिता की हत्या की जा चुकी है, जिसके चलते अब उन्हें भी जान का खतरा उत्पन्न हो गया है। पीड़िता ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही सुरक्षा की भी गुहार लगाई है। इंस्पेक्टर बीपी सिंह ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।