मनोरोगी महिला से दुष्कर्म का प्रयास
मुजफ्फरनगर। शहर के मोहल्ला निवासी मनोरोगी महिला के साथ उसी के घर में घुसकर युवक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला की चीखपुकार सुनकर पहुंचे परिजनों व लोगों ने आरोपी को रंगेहाथ आपत्तिजनक हालत में दबोचकर उसकी जमकर धुनाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला निवासी ने तहरीर देकर बताया कि उसकी मां मनोरोगी है। शनिवार देर रात महिला घर में ही थी। आरोप है कि मोहल्ले का ही रहने वाला एक युवक महिला को अकेली देख घर में घुस गया और उसे दबोचकर दुष्कर्म का प्रयास किया। पीड़िता की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर जा पहुंचे और आरोपी को रंगेहाथ आपत्तिजनक स्थिति में दबोच लिया। मनोरोगी महिला से दुष्कर्म के प्रयास की घटना से गुस्साए लोगों ने आरोपी युवक को पकड़कर उसकी जमकर धुनाई कर दी। बाद में आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पीड़िता के बेटे की तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है। मनोरोगी महिला का भी मेडिकल कराया जा रहा है।