चकिया। पुलिस और प्रशासन पशु तस्करी पर लगाम लगाने का दावा भले कर ले लेकिन सिलसला थम नहीं रहा। बेखौफ तस्करों के पशु लदे वाहन अब दिन में ही धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं। रविवार की सुुबह करीब नौ बजे पुलिस ने चकिया कोतवाली क्षेत्र के मुहम्मदाबाद पुल के पास 28 पशुओं को ट्रक सहित बरामद कर लिया। मौके से चालक को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। रविवार को सुबह लगभग नौ बजे पशु लदा ट्रक मिर्जापुर के अहरौरा क्षेत्र से चंदौली जनपद में प्रवेश कर शिकारगंज और रामपुर पुलिस चौकी से होते हुए चकिया कोतवाली लतीफ शाह मार्ग से मुहम्दाबाद पुल पहुंचा। वहां पार्किंग शुल्क अदा करने के बाद बड़ी नहर पुल पार कर चंदौली मार्ग की ओर ट्रक जा रहा था। इसी बीच पुलिस अधीक्षक के नौगढ़ दौरे की सूचना पर मुस्तैद कोतवाली के पुलिस कर्मी ट्रक की जांच करने के बजाय चालक को निकलने का रास्ता बताते रहे। ट्रक आगे बढ़ा लेकन चंदौली मार्ग पर लोहे के पिलर के पास फंस गया। इस बीच कुछ लोगों ने ट्रक पर चढ़कर देखा तो उसमें पशु लदे थे। इसके बाद लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया लेकिन मौका पाकर ट्रक चालक पिलर को पार करते हुए चंदौली की ओर भागने लगा। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई और घेराबंदी कर ट्रक को चालक समेत पकड़ लिया। हालांकि इस बीच ट्रक पर सवार तस्कर फरार हो गए। इसके बाद नगर के वार्ड नंबर छह में स्थित मानस नगर कॉलोनी में ट्रक से पशुओं को क्षेत्रीय लोगों के सहयोग से पुलिस ने बाहर निकाला। ट्रक से 23 जिंदा और पांच मृत पशु बरामद हुए। ट्रक पर ठूंसकर भरे गए पशुओं को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया गया था। कोतवाली पुलिस की सूचना पर पशु चिकित्सक डा. अनुप कुमार ने मौके पर पहुंचे और पशुओं की जांच की। सीओ कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि गिरफ्तार चालक इरशाद जनपद शामली का निवासी है। उससे पूछताछ कर तस्करों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।